home page

मंत्री इंद्राज ने बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को 10 लाख के सहायक उपकरण वितरित किए

 | 
मंत्री इंद्राज ने बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को 10 लाख के सहायक उपकरण वितरित किए


नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेगमपुर में आज निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने इस शिविर में 150 लाभार्थियों को लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सहायक उपकरण वितरित किए।

कैंप के दौरान विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के सही उपयोग एवं रख-रखाव की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मौके पर ही संबंधित आवश्यकताओं के अनुसार उपकरणों का फिटमेंट भी सुनिश्चित किया गया।

इस अवसर पर बोलते हुए समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों को विशेषज्ञों की सहायता से आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग लाभार्थियों की भागीदारी सरकार की योजनाओं पर उनके विश्वास को दर्शाती है।

मंत्री इंद्राज सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना है। शिविर के दौरान लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, वॉकर, व्हीलचेयर कमोड चेयर, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), चश्मे, सिलिकॉन फोम तकिया, स्पाइनल सपोर्ट बेल्ट, नी-ब्रेस, सर्वाइकल कॉलर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव