पार्क में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, चार नाबालिग हिरासत में
नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम 17 वर्षीय किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात पुलिस बूथ से करीब 30 मीटर दूर एक पार्क में हुई।
पुलिस के अनुसार, किशोर कुछ दिन पहले ही बिहार से दिल्ली आया था और अपने भाई के साथ रह रहा था। वह देर शाम पास के पार्क में गया था, जहां पहले से मौजूद चार नाबालिग लड़कों ने उससे सिगरेट मांगी। सिगरेट देने से इनकार करने पर आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल किशोर को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चारों नाबालिग आरोपितों को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

