home page

त्रि नगर में घर में लगी आग, छह लोग झुलसे; शॉर्ट सर्किट की आशंका

 | 
त्रि नगर में घर में लगी आग, छह लोग झुलसे; शॉर्ट सर्किट की आशंका


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के त्रि नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक रिहायशी मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार के छह लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे केशव पुरम थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि गणेशपुरा स्थित दिग्गी साड़ी वाला इलाके में एक मकान में आग लग गई है और कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहले से ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौजूद थीं और आग बुझाने का काम जारी था।

घटना मकान नंबर 1418/97, गणेशपुरा की है। यह चार मंजिला इमारत (ग्राउंड फ्लोर से तीसरी मंजिल तक) है, जो करीब 50 वर्ग गज में बनी हुई है। ग्राउंड फ्लोर पर ‘कन्हैया साड़ी’ नाम की दुकान है, जो इस हादसे में सुरक्षित रही। आग मुख्य रूप से दूसरी मंजिल पर फैली, जहां लोग रहते हैं।

हादसे में घायल होने वालों की पहचान भारत लाल (32), अनीता (55), प्रीतम लाल (30), वंदना (24), मोनी (27) और तीन वर्षीय सोमिया के रूप में हुई है। सभी को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चार महिलाओं की हालत को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीढ़ियों के पास लगी पानी की मोटर के आसपास शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। वहीं सीढ़ियों में रखे कॉस्मेटिक सामान और पास में खड़ी मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी