home page

डीटीसी की ‘जलदूत’ पहल शुरू, यात्रियों को मुफ्त पीने का पानी

 | 
डीटीसी की ‘जलदूत’ पहल शुरू, यात्रियों को मुफ्त पीने का पानी


नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। दिल्ली में भीषण गर्मी (हीट वेव) के बीच दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने ‘जलदूत’ पहल के तहत यात्रियों को मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध करा रही है। यह कदम दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देशों के बाद उठाए हैं।

मंत्री ने बताया कि डीटीसी ने दिल्ली भर के 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर तैनात 'जलदूत' यात्रियों और राहगीरों को मुफ्त पीने का शीतल पानी उपलब्ध करा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों विशेष रूप से रोज़ाना सफर करने वाले यात्रियों को तत्काल राहत पहुंचाना है, जो भीषण गर्मी की स्थितियों में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त लगभग 3000 डीटीसी बसों में भी मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

डीटीसी ने सभी बस यात्रियों से हीट वेव के दौरान बेहद सतर्क रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और दोपहर के समय तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव