home page

हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत

 | 
हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत


हरिद्वार, 31 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में चार कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार आए थे और उनकी उम्र करीब 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास स्नान के दौरान एक कांवड़िया गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और चारों गंगनहर में लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि गंगनहर में सिल्ट सफाई के कारण जलस्तर कम होने से श्रद्धालु बीच धारा तक चले गए थे। इसी दौरान गहरे गड्ढे में फंसने से यह हादसा हुआ।

सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए।

एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

कांवड़ मेले के दौरान पुलिस-प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा गंगा या गंगनहर की मुख्य धारा और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि ऐसे दुखद हादसों से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला