हमीरपुर नाव हादसा: महिला और चार बच्चों के शव मिले, एक अब भी लापता
हमीरपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में नाव पलटने से हुई घटना में चार बच्चों एवं एक महिला की मौत हो गई है। पांचों के शव बरामद कर लिए गए हैं। नाव पर 9 लोग सवार थे। इसमें तीन लोगों को बचा लिया गया था, जबकि एक अभी भी लापता है। लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।
हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव के राजू निषाद की बेटी की शादी बीते मंगलवार को हुई थी। शादी समारोह में कई गांवों से रिश्तेदार परिवार समेत शामिल होने आए थे। बुधवार को दुल्हन की विदाई की रस्में संपन्न कराने के बाद राजू के रिश्तेदारी में आए नौ लोगों ने खरबूजा खाने की जिद की। निषाद बिरादरी के लोगों ने गर्मी के सीजन में यमुना नदी की रेत पर खरबूजा और तरबूज की खेती तैयार की थी। बुधवार की शाम गांव का विष्णु निषाद नाव से सभी लोगों को खरबूजा खिलाने ले गया। नाव में बृजरानी पत्नी पप्पू निषाद, घाटमपुर निवासी अर्चना पुत्री सर्वेश, रानी पुत्री बच्चन, आकांक्षा पुत्री रामहित, लव्यांश पुत्र विष्णु, गोरेलाल पुत्र महेश व आदित्य पुत्र महेश समेत नौ लोग सवार थे। खराब मौसम के बावजूद नाव यमुना नदी पार पहुंची, जहां रेत में खरबूजे तोड़ने के बाद सभी लोग नाव में बैठकर वापस आने लगे तभी बीच धारा में नाविक की लापरवाही से नाव पलट गई। हादसे में वहां चीख पुकार मच गई। विष्णु किसी तरह तैरकर बाहर आ गया, जबकि स्थानीय गोताखोरों ने रिंकू और पारुल को नदी से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।
नाविक धीरू ने बताया कि बहन की शादी में रिश्तेदार आए थे जो विदाई के बाद खरबूजा खाने के लिए नाव में बैठकर यमुना नदी पार गए थे। लौटते समय नदी के बीच धार में नाव अनियत्रिंत होकर पलट गई थी।
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में नदी से मनकीकला गांव निवासी बृजरानी (35) पत्नी पप्पू निषाद, घाटमपुर निवासी अर्चना (14) पुत्री सर्वेश, कौतूपुर गांव निवासी रानी (9) पुत्री बच्चन, मनकी गांव निवासी लव्यांश (5) पुत्र पप्पू, आकांक्षा (9) पुत्री रामहेत के शव मिले हैं। अन्य लापता की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जनपद हमीरपुर में नाव दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

