सैदुलाजाब भवन हादसे में 48 घंटे बाद भवन मालिक गिरफ्तार, बिल्डर-ठेकेदार अब भी फरार
नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब गांव में हुए दर्दनाक भवन हादसे की जांच में जुटी पुलिस ने घटना के 48 घंटे बाद इमारत के मालिक 71 वर्षीय करमवीर जेलदार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि हादसे से जुड़े बिल्डर और ठेकेदार अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई है, जबकि दो अन्य टीमें उत्तराखंड और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हादसे के बाद से बिल्डर, मालिक और ठेकेदार फरार हो गए थे। अब भवन मालिक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मालिक को पुलिस ने उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है। जहां वह हादसे के बाद से रूका हुआ था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि करमवीर हादसे के बाद मौके पर गया था और फिर उसके बाद वह फरार हो गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि पुलिस ने इसी वर्ष मार्च महीने में दक्षिण दिल्ली नगर निगम को एक पत्र लिखकर क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग की थी।
सूत्रों का कहना है कि जिस इमारत में हादसा हुआ, उसका उल्लेख भी उस पत्र में किया गया था। पुलिस ने नगर निगम को अवैध निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए आगाह किया था।
मामले में एक शिकायतकर्ता भी सामने आया है, जिसने पहले दिल्ली पुलिस और नगर निगम दोनों को इलाके में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माण की लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर बनाए जा रहे भवनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने नगर निगम को पत्र भेजकर उचित कदम उठाने का अनुरोध किया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि अवैध निर्माण के संबंध में पहले मिली शिकायतों और चेतावनियों के बावजूद आवश्यक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद हादसे की जिम्मेदारी और संभावित लापरवाही की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी। जांच अभी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

