सूरीनाम के विकास और रणनीतिक क्षेत्रों के लिए भारत देगा रियायती ऋण: जयशंकर
नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सूरीनाम की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सूरीनाम के विकास और रणनीतिक क्षेत्रों के लिए भारत की ओर से रियायती ऋण (लाइन ऑफ क्रेडिट) देने की पेशकश भी की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री जयशंकर ने 6-7 मई के दौरान सूरीनाम की यात्रा की। इस दौरान भारत-सूरीनाम संयुक्त आयोग बैठक (जेसीएम) का नौवां सत्र आयोजित हुआ जिसकी सह-अध्यक्षता जयशंकर और सूरीनाम के विदेश मंत्री मेल्विन डब्ल्यू. जे. बौवा ने की। बैठक में दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
यात्रा के दौरान जयशंकर ने सूरीनाम की राष्ट्रपति Jennifer जेनिफर गीरलिंग्स-सिमन्स से मुलाकात कर भारत की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत और सूरीनाम अपने ऐतिहासिक और घनिष्ठ संबंधों की पूरी क्षमता को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जयशंकर ने सूरीनाम की राष्ट्रीय विधानसभा के अध्यक्ष अश्विन अधिन से भी मुलाकात की और दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच संसदीय आदान-प्रदान के महत्व पर बल दिया।
विदेश मंत्री ने भारतीय अनुदान और तकनीकी सहायता से स्थापित ‘पैशन फ्रूट प्रोसेसिंग सुविधा’ परियोजना को सूरीनाम को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कृषि आधारित उद्योगों की मूल्य संवर्धन क्षमता बढ़ाने में मदद करेगी। साथ ही उन्होंने नए क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
जयशंकर ने पारामारिबो में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और बाबा और माई स्मारक जाकर सूरीनाम पहुंचे पहले भारतीयों को नमन किया। उन्होंने ‘मैरिबर्ग के शहीद स्मारक’ पर भी श्रद्धांजलि दी और लल्लारूख संग्रहालय का दौरा किया, जो हिंदुस्तानी समुदाय की सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
यात्रा के दौरान भारतीय प्रवासियों के इतिहास पर आधारित एक सप्ताह लंबे राष्ट्रीय अभिलेखागार प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि भारत, सूरीनाम के विकास और समृद्धि का एक भरोसेमंद साझेदार बना रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

