लोकसभा अध्यक्ष, गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने क्रांतिकारी खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेताओं ने मंगलवार को अमर क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, अमर क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि के लिए हँसते-हँसते अपना जीवन न्योछावर कर देने वाले इस वीर सपूत का त्याग और बलिदान सदैव हमारी राष्ट्रीय चेतना को प्रेरित करता रहेगा।
शाह ने कहा कि मां भारती को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए खुदीराम बोस ने अल्पायु में ही सशस्त्र क्रांति का उद्घोष किया और अपने साहस, शौर्य व त्याग से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी। मात्र 18 वर्ष की आयु में हंसते-हंसते फांसी को गले लगाने वाले खुदीराम बोस ने राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च समर्पण की ऐसी अमिट गाथा लिखी, जो युगों-युगों तक देश के युवाओं में शौर्य, स्वाभिमान व राष्ट्रसेवा की प्रेरणा शक्ति बनी रहेगी।
नितिन नवीन ने कहा कि उनका निर्भीक व्यक्तित्व और अटूट संकल्प आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्रप्रेम, साहस और सर्वोच्च बलिदान से परिपूर्ण उनका जीवन आज भी सभी को मातृभूमि की सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देने वाले खुदीराम बोस का अदम्य साहस, अटूट देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। इतनी कम आयु में उन्होंने जिस निर्भीकता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रप्रेम और त्याग की प्रेरणा है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पित आपका जीवन और ओजस्वी विचार सर्वदा युवाओं को राष्ट्र सेवा हेतु प्रेरित करते रहेंगे।
केंद्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अल्पायु में देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानी का साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

