home page

महाराष्ट्र बोर्ड दसवीं का रिजल्ट घोषित, 92.90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल

 | 
महाराष्ट्र बोर्ड दसवीं का रिजल्ट घोषित, 92.90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल


पुणे, 08 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की आयोजित दसवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 92.90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। सबसे अधिक परिणाम कोंकण विभाग का रहा, जहां 97.62 प्रतिशत छात्र पास हुए, जबकि सबसे कम परिणाम छत्रपति संभाजीनगर विभाग का 88.41 प्रतिशत दर्ज किया गया।

राज्य मंडल के अध्यक्ष त्रिगुण कुलकर्णी ने पत्रकार परिषद में परिणाम घोषित किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रनजीतसिंह देओल, शिक्षा आयुक्त सचिंद्र प्रताप सिंह, परीक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार बेडसे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य के पुणे, मुंबई, नाशिक, लातूर, अमरावती, नागपुर, कोकण, कोल्हापुर और छत्रपति संभाजीनगर समेत नौ विभागीय मंडलों के माध्यम से परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 16 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इस बार भी लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। कुल 89.56 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हुए, जबकि 94.96 प्रतिशत लड़कियां परीक्षा में सफल रहीं। पिछले वर्ष परिणाम 94.10 प्रतिशत रहा था, यानी इस वर्ष रिजल्ट में 2.01 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

कॉपीमुक्त अभियान के तहत हुई परीक्षा

त्रिगुण कुलकर्णी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कॉपीमुक्त अभियान चलाया गया था। इसके तहत 271 उड़नदस्ते और महिला विशेष पथकों की नियुक्ति की गई थी। इसके अलावा जिला स्तर पर भी अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। परीक्षा कुल आठ भाषाओं में आयोजित की गई।उन्होंने असफल विद्यार्थियों से निराश न होने की अपील करते हुए कहा कि परिणाम जल्दी घोषित करने का उद्देश्य 11वीं कक्षा की प्रवेश प्रक्रिया समय पर शुरू करना है।

विभागवार रिजल्ट प्रतिशत

पुणे – 94.24%

नागपुर – 89.07%

छत्रपति संभाजीनगर – 88.41%

मुंबई – 94.97%

कोल्हापुर – 95.47%

अमरावती – 90.50%

नाशिक – 90.53%

लातूर – 88.42%

कोंकण विभाग – 97.62%

बारहवीं के बाद अब दसवीं के परिणाम में भी गिरावट दर्ज होने से शिक्षा क्षेत्र में चिंता व्यक्त की जा रही है। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी