home page

मणिपुर : दो उग्रवादी संगठनों के दो कैडर एवं मादक पदार्थ के साथ दो ड्राइवर गिरफ्तार

 | 
मणिपुर : दो उग्रवादी संगठनों के दो कैडर एवं मादक पदार्थ के साथ दो ड्राइवर गिरफ्तार


इंफाल, 29 मार्च (हि.स.)। मणिपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चलाए जा रहे अभियानों के दौरान उग्रवादियों की गिरफ्तारी, हथियार एवं गोला-बारूद की बरामदगी के साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले तस्करों की भी लगातार गिरफ्तारी जारी है। इसी कड़ी में दो उग्रवादियों की जहां गिरफ्तारी हुई है, वहीं भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार काे दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन यूपीपीके के एक सक्रिय कैडर खारीबाम बोयनाओ मैतेई उर्फ लमंगकपा (32) को उसके निवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित को इंफाल पूर्वी जिले के सगोलमांग थानांतर्गत ईशिंगथेम्बी मपाल लीकाई का रहने वाला बताया गया है।

वहीं एक अन्य बयान में इसी दिन सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के जबरन वसूली में शामिल एक सक्रिय कैडर थोकचोम खेलजीत मैतेई उर्फ कैनी (48) को इंफाल पूर्वी जिले पोरोम्पैट थानांतर्गत हप्ता कांगजीबुंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपित इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल थानांतर्गत नाओरेमथोंग खुमानथेम लीकाई का निवासी बताया गया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इस बीच शनिवार को सुरक्षा बलों और एनसीबी की एक संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के नगाथल मैदान इलाके से एक डीआई टाटा और एक स्कॉर्पियो को रोका और तलाशी के दौरान मिले मादक पदार्थ के बाद ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान पौमुआनलियान तुंगनुंग (23) और लियानमिनथांग नेहसियाल (26) के रूप में की गयी है।

उनके वाहनों से छुपाकर ले जाई जा रही हेरोइन से भरी 207 साबुनदानी को बरामद किया गया। जिनकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गयी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि, बीते 27 मार्च को सुरक्षा बलों ने जिरीबाम जिले के डिबोंग अवांग लीकाई के मोइरंगथेम बिजेन सिंह (55) को जिरीबाम थानांतर्गत इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो 36 नंबर के हथगोले और विभिन्न कैलिबर के पांच राउंड कारतूस बरामद किया गया।पुलिस सभी मामलों में जांच जारी रखे हुए है। -------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय