मंत्री वीरेंद्र कुमार बुधवार को करेंगे 'आकांक्षा से उपलब्धि तक' प्रदर्शनी का उद्घाटन
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार को अनुसूचित जाति, उपजातीय उद्यमियों और नवप्रवर्तकों की सफलता की कहानियों को प्रदर्शित करने वाली आकांक्षा से उपलब्धि तक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में आकांक्षा से उपलब्धि तक: उद्यमियों और नवप्रवर्तकों की सफलता की कहानियां शीर्षक वाली पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। इस दौरान वेंचर कैपिटल फंड और एएसआईआईएम की पहलों के प्रभाव को उजागर करने वाले संकलन का अनावरण भी किया जाएगा।
इस पुस्तिका में अनुसूचित जाति उद्यम पूंजी कोष, पिछड़ा वर्ग उद्यम पूंजी कोष और अंबेडकर सामाजिक नवाचार एवं ऊष्मायन मिशन (एएसआईआईएम) के तहत समर्थित उद्यमियों और नवप्रवर्तकों की प्रेरक कहानियां प्रस्तुत की गई हैं। इसमें उन लाभार्थियों की परिवर्तनकारी यात्राओं का वर्णन है जिन्होंने वित्तीय सहायता, ऊष्मायन सहायता और संस्थागत सहयोग का लाभ उठाकर सफल उद्यम स्थापित किए, रोजगार के अवसर सृजित किए और आर्थिक विकास में योगदान दिया।
इस मौके पर मंत्रालय के राज्यमंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और आईएफसीआई वेंचर कैपिटल फंड्स लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस आयोजन से उद्यमिता-आधारित सशक्तीकरण के सफल मॉडलों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच मिलने और देशभर के महत्वाकांक्षी उद्यमियों को प्रेरित करने की उम्मीद है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

