home page

निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के सराय काले खां वाले प्रवेश द्वार को अस्थायी रूप से बंद किया गया

 | 

नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के सराय काले खां की ओर स्थित दूसरे प्रवेश द्वार के पुनर्विकास का काम शुरू हो गया है। इस कारण स्टेशन का यह प्रवेश और निकास मार्ग फिलहाल बंद कर दिया गया है।

उत्तर रेलवे के अनुसार, यहां नए एस्केलेटर, लिफ्ट, सीढ़ियां, बुकिंग कार्यालय और शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का विस्तार भी किया जाएगा।

रेलवे ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज को रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज से जोड़ दिया गया है। इसे मई माह से यात्रियों के लिए खोल दिया गया है।

अब सराय काले खां की ओर से आने वाले यात्री नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-2 के रास्ते नए फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल कर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंच सकेंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और बढ़ती यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए सराय काले खां क्षेत्र में दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है। यह क्षेत्र दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के प्रमुख इंटरचेंज केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है, जिससे रेलवे स्टेशन और क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के बीच बेहतर संपर्क सुनिश्चित किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार