home page

दिल्ली पुलिस ने भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया

 | 
दिल्ली पुलिस ने भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया


भुवनेश्वर, 11 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने पाकिस्तान से कथित संबंधों और भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में भुवनेश्वर के एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपित को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान शेख इमरान उर्फ ​​एस.के. इमरान (22 वर्ष), पुत्र - शेख आमिर के रूप में हुई है, जिसे भुवनेश्वर के कैपिटल पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक समन्वित अभियान के तहत पकड़ा गया। दिल्ली पुलिस काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और ठोस जानकारी मिलने के बाद उसके ठिकाने तक पहुंची।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भारत विरोधी प्रचार प्रसार कर रहा था। इसके अलावा, उसके चरमपंथी तत्वों के संपर्क में होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

विशिष्ट खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली से आई विशेष टीम ने भुवनेश्वर में कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया है। जांच एजेंसियां अब उससे विस्तृत पूछताछ कर उसके संभावित नेटवर्क और गतिविधियों के दायरे का पता लगाने में जुटी हैं।

इस घटना ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार, इस जांच की शुरुआत एक सप्ताह पहले हुई थी, जब दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप और सिग्नल से जुड़े संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में दिल्ली में कुछ युवकों को हिरासत में लिया था। पूछताछ और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों के विश्लेषण के दौरान ओडिशा से जुड़े लिंक सामने आए।

इन्हीं इनपुट्स के आधार पर 10 अप्रैल 2026 को भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो