तंजानिया में भारत का आईपीयू सभा में पाकिस्तान को जवाब, कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। तंजानिया के अरुशा में 153वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) सभा में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विभिन्न समितियों की बैठकों और चर्चाओं में हिस्सा लिया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सभा के दूसरे दिन की कार्यवाही में भाग लिया।
राज्यसभा सचिवालय की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, हरिवंश ने आईपीयू सभा की बैठकों में हिस्सा लिया और कश्मीर को लेकर पाकिस्तान की ओर से की गई टिप्पणियों पर जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है तथा भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का पाकिस्तान को कोई अधिकार नहीं है।
लोकसभा सदस्य संजय जायसवाल ने आईपीयू की स्वास्थ्य समिति के सत्र में हिस्सा लिया और समिति के साथ एक क्षेत्रीय दौरे में भी शामिल हुए।
लोकसभा सदस्य अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकतंत्र और मानवाधिकार संबंधी स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया तथा ‘सभी के लिए समावेशी सामाजिक विकास : दिव्यांग लोगों के अधिकारों और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए संसदीय रणनीतियां’ विषय पर मसौदा प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लिया।
लोकसभा सदस्य कमलजीत सहरावत ने शांति और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया और ‘शांतिपूर्ण भविष्य का निर्माण : स्थायी शांति के लिए संसदीय कूटनीति, मध्यस्थता और संवाद’ विषय पर चर्चा में भाग लिया।
राज्यसभा सदस्य सस्मित पात्रा ने इसी समिति के पैनल विमर्श में ‘सैन्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में शांति सुनिश्चित करने में संसदों की भूमिका’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने लोकतंत्र और मानवाधिकार संबंधी स्थायी समिति की चर्चाओं में भी भाग लिया और प्रस्ताव के मसौदे को तैयार करने में योगदान दिया।
लोकसभा सदस्य एन.के. प्रेमचंद्रन ने आतंकवाद के खिलाफ संसदीय प्रतिक्रिया मजबूत करने तथा महत्वपूर्ण खनिजों पर संसदीय निगरानी मजबूत करने से संबंधित कार्यशालाओं में भाग लिया।
भारतीय उच्चायोग ने प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में शाम को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

