home page

चित्रकूट में रामनवमी पर 22 लाख दीपों से जगमगाई प्रभु श्रीराम की तपोभूमि

 | 
चित्रकूट में रामनवमी पर 22 लाख दीपों से जगमगाई प्रभु श्रीराम की तपोभूमि


-पौराणिक तीर्थ चित्रकूट में गौरव दिवस के रूप में मना रामनवमी का पर्व-डीएम पुलकित गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गौरव दिवस का शुभारंभ

चित्रकूट, 27 मार्च (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ के रूप में विख्यात भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में शुक्रवार को रामनवमी का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ चित्रकूट गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर देव गंगा मंदाकिनी का रामघाट समेत दोनों किनारे 22 लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। शुक्रवार की शाम को जब एक साथ मंदाकिनी के रामघाट, भरत घाट, राघव प्रयाग घाट, आरोग्य धाम घाट से लेकर कामतानाथ मंदिर, परिक्रमा मार्ग, सती अनुसुइया आदि में दीप जगमगाए तो लगा कि आसमान से तारे जमीन पर उतर आए हों ।

भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के मठ-मंदिरों में राम जन्मोत्सव को लेकर भारी उत्साह नजर आया। देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का चित्रकूट में जमावड़ा लगना शुरु हो गया था। श्रद्धालु मंदाकिनी गंगा में स्नान करने के बाद मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भगवान श्री कामतानाथ के द्वार पर माथा टेक कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा लगा रहे थे। दोपहर 12 बजते ही सभी मंदिरों में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद शाम को तपोभूमि चित्रकूट में रामनवमी का पर्व चित्रकूट गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। मंदाकिनी के रामघाट के दोनों ओर बारिश के बावजूद पूरे उत्साह के साथ 11-11 लाख दीप जलाये गये। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, नगरपालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, भैरो प्रसाद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य , अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार यादव, एसडीएम पूजा साहू, गौरव यादव, अजय यादव समेत हजारों लोगों ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर चित्रकूट गौरव दिवस मनाया।

इस मौके पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि कहा कि आज का यह दिन चित्रकूट के लिए बहुत ही गौरवशाली है। उन्हें स्वयं चित्रकूट गौरव दिवस में दीपदान करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से जिला प्रशासन चित्रकूट के विकास के लिए तेजी से काम कर रहा है। यहां के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। गौरव दिवस पर धर्मनगरी के मठ-मंदिर भव्य तरीके से सजाए गए थे। रंग-बिरंगी रोशनी बिखेर रही लाइटों से धर्मनगरी चमक रही थी। प्रभु श्रीराम का जन्म दिन होने की वजह से मठ-मंदिरों में दिन भर रामायण पाठ और कीर्तन का दौर चला।

कार्यक्रम में दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, सीएमओ डाॅ रूपेश द्विवेदी,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बी के शर्मा,वरिष्ठ भाजपा नेता अश्विनी अवस्थी ,रंजना उपाध्याय , रामेश्वर द्विवेदी, रामसागर चतुर्वेदी, उद्योगपति ब्रजेश त्रिपाठी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण गुप्ता आदि हजारों लोगों की कार्यक्रम में उपस्थिति रहीं। रामघाट पर दीपोत्सव में तरह-तरह के पौराणिक कथाओं पर आधारित चित्र, रंगोलियां, भगवान श्रीराम के चित्र उकेरे गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल