खारिया खंगार से पहली बार शुरू हुआ लाइमस्टोन का व्यावसायिक लदान
नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए खारिया खंगार रेलवे स्टेशन से पहली बार लाइमस्टोन (चूना पत्थर) के व्यावसायिक लदान की शुरुआत की है। रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों और ग्राहक-उन्मुख नीतियों के फलस्वरूप यह लदान शुरू हुआ है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, खारिया खंगार स्टेशन से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थित मंगलम सीमेंट लिमिटेड के लिए लाइमस्टोन का रेक लदान किया जा रहा है। पहला रेक 21 सितंबर को सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया। इसके अलावा सितंबर माह में दो अतिरिक्त रेक लोड करने की योजना है।
खारिया खंगार से रवाना होने वाली मालगाड़ी करीब 539 किलोमीटर की दूरी तय कर मंगलम सीमेंट लिमिटेड, कोटा पहुंचेगी। एक रेक के माध्यम से रेलवे को करीब 41.35 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि जोधपुर मंडल में लाइमस्टोन का लदान सोजत रोड, सोनू और बदवासी स्टेशनों से भी किया जा रहा है। खारिया खंगार से लदान की नई शुरुआत से रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र के खनिज उद्योग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा देश के औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचागत विकास में भी योगदान होगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

