home page

एनसीईआरटी को मिला डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा

 | 

नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), नई दिल्ली को संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिया गया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद शिक्षा मंत्रालय ने 30 मार्च 2026 को अधिसूचना जारी कर एनसीईआरटी को यूजीसी अधिनियम, 1956 की धारा तीन के तहत संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी घोषित किया।

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने सोमवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

एनसीईआरटी के डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिए जाने के आवेदन की यूजीसी की विशेषज्ञ समिति ने यूजीसी (संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटीज) विनियम, 2023 के प्रावधानों के तहत जांच की। समिति ने समग्र मूल्यांकन के बाद एनसीईआरटी को संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा देने की सिफारिश की थी। यूजीसी की सलाह पर मंत्रालय ने यह निर्णय लिया।

मंत्रालय ने कहा कि यह दर्जा इस शर्त के अधीन दिया गया है कि एनसीईआरटी अनुसंधान कार्यक्रमों के साथ-साथ डॉक्टोरल और नवाचार आधारित अकादमिक कार्यक्रम शुरू करने के लिए उचित कदम उठाएगा।

सरकार के अनुसार, डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने से एनसीईआरटी को शैक्षिक अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सहयोग करने में मजबूती मिलेगी। इससे शिक्षा क्षेत्र में थिंक टैंक और राष्ट्रीय संसाधन संस्थान के रूप में एनसीईआरटी की भूमिका भी और मजबूत होगी।

एनसीईआरटी केंद्र और राज्य सरकारों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा संबंधी नीतियों, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार