home page

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों की आवाज नहीं दबाई जा सकती : राहुल गांधी

 | 
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों की आवाज नहीं दबाई जा सकती : राहुल गांधी


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन छात्रों की मांगें सुनने के बजाय उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रहा है।

राहुल गांधी ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में लिखा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें सुनने के बजाय उन पर प्राथमिकी दर्ज कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की नीति युवाओं की आवाज दबाने की है।

राहुल ने लिखा, “सवाल पूछो तो लाठी, विरोध करो तो मुकदमे और आवाज उठाओ तो पेलेट गन।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब उन्होंने छात्रों की बात सुनने के लिए प्रयागराज जाने का निर्णय लिया, तभी से प्रशासन उनके कार्यक्रम को हर संभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज से भी डर रही है। राहुल ने कहा, “मैं छात्रों के साथ हूं। सरकार चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, मुझे छात्रों की आवाज उठाने से रोक नहीं सकती।”

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर