अमित शाह सोमवार को सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल
नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को भारत मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और पहलों का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की एक प्रमुख उपलब्धि 50 हजार पैक्स का ई-पैक्स में रूपांतरण होगी।
इस दौरान बीज प्रणालियों को सुदृढ़ करने के लिए बीबीएसएसएल और आईसीएआर के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही अमित शाह डेयरी सहकारी समितियों के लिए आदर्श उप-विधियों और सहकारिता मंत्रालय की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन करेंगे।
परियोजनाओं और पहलों में 135 अन्न भंडारण गोदामों का हस्तांतरण, 85 गोदामों का लोकार्पण और 47 गोदामों का शिलान्यास शामिल है। अमूल और एनसीसीएफ की ओर से सहकार वन, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और महाराष्ट्र के जलगांव में बीबीएसएसएल की टिश्यू कल्चर सुविधाओं का भूमि पूजन होगा। एनसीडी 3.0 और जियो-टैग मोबाइल एप्लिकेशन और एनडीडीबी के दूध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड पोर्टल का शुभारंभ भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में कोऑपरेटिव इनपुट्स एंड सर्विसेज डिलीवरी मल्टी-स्टेट लिमिटेड के अंतर्गत डेयरी पशुओं की उत्पादकता से जुड़ी पहलें, कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स ऑर्गनाइजेशन मल्टी-स्टेट लिमिटेड और गोमय सहकारी समिति मल्टी-स्टेट लिमिटेड का उद्घाटन और एनयूसीएफडीसी की दो प्रमुख पहलों- सहकार सीबीएस, केंद्रीकृत कोर बैंकिंग प्लेटफॉर्म तथा सहकार सहयोगी, शहरी सहकारी बैंकों के लिए संवादात्मक AI-संचालित प्लेटफॉर्म का भी अनावरण होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी उपस्थित रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

