home page

जंजीबार के राष्ट्रपति हुसैन अली म्विनी शुक्रवार से भारत दौरे पर

 | 
जंजीबार के राष्ट्रपति हुसैन अली म्विनी शुक्रवार से भारत दौरे पर


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। जंजीबार के राष्ट्रपति एवं रिवोल्यूशनरी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. हुसैन अली म्विनी 17 से 20 जुलाई तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। वह उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर अपनी पत्नी मरियम म्विनी तथा मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रपति म्विनी शुक्रवार सुबह चेन्नई पहुंचेंगे, जहां वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के 63वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आईआईटी मद्रास के जंजीबार परिसर की स्थापना के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं। राष्ट्रपति म्विनी शनिवार रात चेन्नई से नई दिल्ली पहुंचेंगे।

रविवार को राष्ट्रपति म्विनी का व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। वह सुबह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से भेंट कर भारत-तंजानिया संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे तथा द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

राष्ट्रपति म्विनी रविवार दोपहर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाकर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति म्विनी 20 जुलाई की तड़के भारत यात्रा समाप्त कर स्वदेश के लिए रवाना होंगे।

भारत और तंजानिया ग्लोबल साउथ के महत्वपूर्ण साझेदार हैं तथा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति म्विनी की यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा व्यापार, शिक्षा, क्षमता निर्माण और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को नई गति प्रदान करेगी। जंजीबार पूर्वी अफ्रीकी देश तंजानिया का एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार