home page

विश्व टीबी दिवस 2026 पर राष्ट्रीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे जेपी नड्डा

 | 
विश्व टीबी दिवस 2026 पर राष्ट्रीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे जेपी नड्डा


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। विश्व टीबी दिवस पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करेगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में संपन्न होगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा करेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के टीबी-मुक्त भारत के विजन के अनुरूप, टीबी उन्मूलन की दिशा में भारत की प्रगति को दर्शाना है। यह राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों, नवोन्मेषी रणनीतियों और मजबूत सामुदायिक भागीदारी को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा।

सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिन का सघन टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को मंत्री जे पी नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे और टीबी मुक्त भारत ऐप और टीबी मुक्त शहरी वार्ड पहल का शुभारंभ करेंगे। इन पहलों का लक्ष्य टीबी के मामलों की तेजी से पहचान करना, उपचार के प्रति समर्पण को बढ़ावा देना और विशेष रूप से उच्च बोझ वाले क्षेत्रों में टीबी सेवाओं की अंतिम चरण की डिलीवरी को सुदृढ़ करना है।

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ, विकास भागीदार, स्वास्थ्य सेवा पेशेवर और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी