home page

भाजपा अध्यक्ष नवीन का गुजरात के नेताओं से जनता के बीच जाकर काम करने का आह्वान

 | 
भाजपा अध्यक्ष नवीन का गुजरात के नेताओं से जनता के बीच जाकर काम करने का आह्वान


गांधीनगर, 22 फरवरी (हि.स.)। गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों को कड़ी नसीहत दी है। गुजरात मुख्यालय 'कमलम' में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राजनीति कोई शॉर्टकट नहीं बल्कि एक मैराथन है, जिसमें निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने पार्टी नेताओं से जनता के बीच जाकर काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “केवल पद पाने के लिए पार्टी में मत आइए। पद हो या न हो, संगठन के लिए काम करना चाहिए। अपने जिले में खुद को ही पार्टी समझ लेना और अपने लोगों को सेट करना, यह नीति पार्टी के लिए सही नहीं है।” बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, शहर अध्यक्षों और अन्य नेताओं के साथ चर्चा के दौरान नितिन नवीन ने प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई नेता जिले में जाकर न्याय की बात करते हैं, लेकिन वहीं अपने लोगों को सेट कर देते हैं, जो संगठन के सिद्धांतों के खिलाफ है।

भाजपा अध्यक्ष नवीन ने नेताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भाजपा प्रतिनिधियों की समाज पर मजबूत पकड़ होनी चाहिए। अगर आप अपने पद से दो कदम नीचे उतरकर काम करेंगे, तो बेहतर परिणाम मिलेंगे। साथ ही उन्होंने अपनी छवि सकारात्मक बनाए रखने की भी सलाह दी। विधायकों और सांसदों के साथ बैठक में उन्होंने खास तौर पर कहा, “घर बैठकर कार्यालय मत चलाइए। जमीन पर उतरिए, लोगों के बीच जाइए और जनसंपर्क को मजबूत बनाइए।” आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाए और बूथ स्तर पर डेटा मजबूत किया जाए।

सोशल मीडिया पर भी उन्होंने नेताओं की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल किया कि हाल ही में हुए एआई समिट में कांग्रेस के विरोध पर कितने नेताओं ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। इस पर बहुत कम लोगों के हाथ उठाने पर उन्होंने कहा, “अगर जिम्मेदार लोग ही सक्रिय नहीं होंगे, तो संगठन कैसे चलेगा?”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे