अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक
नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन करेगा। रविवार को आयोजित होने वाले शक्ति वॉक में विभिन्न क्षेत्र की लगभग 4000 से अधिक महिलाएं भाग लेंगी।
केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शुक्रवार को एक्स पर जारी संदेश में कहा कि
महिलाएँ आज केवल राष्ट्र निर्माण में सहभागिता ही नहीं निभा रहीं बल्कि उसका नेतृत्व भी कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित ‘शक्ति वॉक’ नारी शक्ति, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का सशक्त प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और उनके योगदान को सम्मान देने का प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने सभी महिलाओं से इस आयोजन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सब मिलकर नारी शक्ति के सम्मान, समान अवसर और सशक्त भारत के संकल्प को और मजबूत करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

