home page

शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र चेतना जाग्रत कर रही विद्या भारती : यतीन्द्र शर्मा

 | 
शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र चेतना जाग्रत कर रही विद्या भारती : यतीन्द्र शर्मा


- विवेकानंद विद्या विकास परिषद का वार्षिक आयोजन

कोलकाता, 03 सितंबर (हि.स.)। देश भर में शिशु मंदिरों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रही अखिल भारतीय संस्था विद्या भारती की स्थानीय इकाई विवेकानंद विद्या विकास परिषद का वार्षिकोत्सव गुरूवार को आयोजित किया गया। कोलकाता के गोलपार्क स्थित रामकृष्ण मिशन इंस्टीट्यूट आव कल्चर सभागार में आयोजित समारोह में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य वक्ता एवं विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज को जाग्रत करने का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्या भारती मूल्यपरक शिक्षा के जरिये नई पीढ़ी में उच्च संस्कार और राष्ट्र चेतना जाग्रत करने के मुहिम में वर्षों से जुटी है। उन्होंने कहा कि संस्थान देश भर में अपने स्कूलों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ साथ नई पीढ़ी में ऊंचे संस्कार, राष्ट्र प्रेम, मानवीयता और स्वदेशी की भावना को विस्तार देने में जुटा है।

पूर्वोत्तर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि विद्या भारती की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के माध्यम से इस क्षेत्र के लोगों में अलगाववाद की भावना कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि सुदूर और दुर्गम इलाकों में भी विद्या भारती शिक्षा की ज्योत जगा रहा है। संस्थान शिक्षा के माध्यम से समाज में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने में काफी हद तक सफल हुई है। जात-पात, छुआछूत, बाल विवाह जैसी कुरितियों को दूर करने भी विद्या भारती का उद्देश्य रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्या भारती एक तरफ हिन्दुत्व के विचार का प्रसार कर रहा है तो दूसरी तरफ तमाम विसंगतियों और कुप्रथाओं से समाज को मुक्ति दिला कर राष्ट्र एकीकरण के अपने अभियान में अनवरत जुटा हुआ है। अपने संबोधन के आखिर में यतीन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से अनुरोध किया कि वे पश्चिम बंगाल में विद्या विकास परिषद की गतिविधियों के प्रसार में यथासंभव सहयोग करें।

इससे पूर्व विद्या भारती के वरिष्ठ कार्यकर्ता रवीन्द्र चमारिया ने देश भर में विद्या भारती के कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पूरे देश के शिशु मंदिरों में दस लाख 84 हजार बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जो गैर सरकारी स्तर पर एक कीर्तिमान है।

समारोह के आरंभ में चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से देश भर में संस्थान के कार्यकलापों की सचित्र जानकारी दी गई। इसके अलावा कुछ मेधावी छात्रों ने अपने अनुभव भी साझा किये। समारोह में विवेकानंद विद्या विकास परिषद के अध्यक्ष भगवती प्रसाद जालान, ट्रस्टी राजेन्द्र कुमार गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद खैतान व अन्य पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र, आचार्य एवं आमंत्रित अतिथि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप