home page

पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण के चुनाव की 152 और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर मतदान आज

 | 
पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण के चुनाव की 152 और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर मतदान आज


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु की सभी सीटों पर आज मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की लंबी प्रक्रिया के बाद विधानसभा चुनाव हो रहा है। मतदान के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। प्रथम चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान होगा। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।

पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण में उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन और जंगलमहल क्षेत्र के पांच जिले शामिल हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, पहले चरण के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,407 कंपनियों की तैनाती की गई है। पूर्व मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 273 कंपनियां कानून व्यवस्था संभालेंगी। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे पर केंद्रीय बलों का नियंत्रण रहेगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल के चार जवान तैनात रहेंगे।

आयोग ने कहा है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बटन में इत्र, कालिख, गोंद अथवा कोई रासायनिक लगा पाए जाने पर इसे 'वोट टेंपरिंग' माना जाएगा। वहां वोट रद करके पुनर्मतदान कराया जा सकता है। पीठासीन अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम की ठीक से जांच कर लेने का सख्त निर्देश दिया गया है। तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। तमिलनाडु में द्रमुक गठबंधन और अन्नाद्रमुक गठबंधन आमने-सामने हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद