home page

ममता बनर्जी से मिलने कालीघाट पहुंचीं सपा सांसद जया बच्चन

 | 
ममता बनर्जी से मिलने कालीघाट पहुंचीं सपा सांसद जया बच्चन


कोलकाता, 02 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ अभिनेत्री जया बच्चन ने गुरुवार को कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन भी उनके साथ मौजूद थे। कालीघाट पहुंचने पर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने उनका स्वागत किया। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

हाल के समय में इंडी गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच कुछ राजनीतिक दूरी देखने को मिली थी। कुछ दिन पहले कोलकाता आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा ने तृणमूल कांग्रेस की चुनावी हार के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया, इसलिए पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि गठबंधन की राजनीतिक मजबूरियों के कारण कई बार सार्वजनिक रूप से अलग रुख अपनाना पड़ता है।

इसके विपरीत, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव परिणाम आने के बाद कोलकाता पहुंचकर ममता बनर्जी से मुलाकात की थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर उनका समर्थन किया था। ममता बनर्जी ने भी चुनाव में धांधली और मतों की चोरी का आरोप लगाया था, जिसे लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है।

ऐसे राजनीतिक माहौल में जया बच्चन की कालीघाट यात्रा ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। जया बच्चन और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। इससे पहले भी जया बच्चन पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनाव प्रचार में हिस्सा ले चुकी हैं।

राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसे किरणमय नंदा के हालिया बयान के बाद संबंधों में आई खटास को दूर करने की कोशिश या फिर इंडी गठबंधन की आगामी रणनीति पर चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं की बैठक में किन विषयों पर बातचीत हुई, इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर