home page

सिलीगुड़ी के भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी इमिग्रेशन स्टैम्प के साथ थाईलैंड की दो महिलाएं गिरफ्तार

 | 
सिलीगुड़ी के भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी इमिग्रेशन स्टैम्प के साथ थाईलैंड की दो महिलाएं गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 29 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी इलाके में फर्जी इमिग्रेशन स्टैम्प के जरिए सीमा पार करने की कोशिश का मामला सामने आया है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने थाईलैंड की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान पिमचानोक केटला और चिनतारा बुद्धाफोंग के रूप में हुई है। मामले में एक वाहन चालक को भी हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सीमा पार करते समय एसएसबी जवानों ने दोनों विदेशी महिलाओं के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान उनके वीजा पर लगे इमिग्रेशन स्टैम्प संदिग्ध पाए गए। इसके बाद जब इमिग्रेशन विभाग से स्टैम्प का मिलान किया गया, तो पता चला कि इन नामों से कोई आधिकारिक स्टैम्प जारी ही नहीं किया गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं फर्जी स्टैम्प का इस्तेमाल कर अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश कर रही थीं। इसके बाद एसएसबी ने दोनों को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि जिस चारपहिया वाहन से दोनों महिलाएं नेपाल के भद्रपुर जा रही थीं, उसका चालक मौके से फरार हो गया था। चालक के फरार होने से मामले को लेकर संदेह और गहरा गया। पुलिस ने देर रात छापेमारी कर वाहन चालक कुलदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना के बाद सीमा क्षेत्र में किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क की सक्रियता की आशंका जताई जा रही है। खोरीबाड़ी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार