home page

काेलकाता के न्यू टाउन में अदाणी समूह बनाएगा मेडिकल कॉलेज व हजार बिस्तरों का अत्याधुनिक अस्पताल

 | 
काेलकाता के न्यू टाउन में अदाणी समूह बनाएगा मेडिकल कॉलेज व हजार बिस्तरों का अत्याधुनिक अस्पताल


कोलकाता, 04 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा निवेश करने की तैयारी में अदाणी समूह है। समूह ने न्यू टाउन में अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को दिया है। इस परियोजना को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रारंभिक स्तर पर चर्चा भी हो चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, अदाणी समूह के प्रबंध निदेशक कर्ण अदाणी ने 06 जून को नवान्न में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर न्यू टाउन में अदाणी हेल्थ सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। इस परियोजना का नाम आरोग्य मंदिर रखा जाएगा। न्यू टाउन के बंगाल सिलिकॉन वैली क्षेत्र में अदाणी समूह पहले से ही डाटा केंद्र और बंगाल टेक पार्क विकसित कर रहा है, जिसके लिए उसे 55 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। हेल्थ सिटी के लिए भी लगभग इतनी ही भूमि की आवश्यकता होगी।

प्रस्तावित हेल्थ सिटी का संचालन अमेरिका की प्रसिद्ध मायो क्लिनिक के सहयोग से किए जाने की योजना है। अस्पताल में रोबोटिक शल्य चिकित्सा सहित अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा की भी व्यवस्था होगी। परिसर में 150 सीटों वाला एमबीबीएस मेडिकल कॉलेज, 60 सीटों का नर्सिंग कॉलेज तथा एमडी पाठ्यक्रम के लिए 80 सीटें प्रस्तावित हैं। शोध कार्य की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

करीब 1000 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के उपचार की भी व्यवस्था होगी। यदि सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो दुर्गा पूजा से पहले इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत हो सकती है।

परियोजना की कुल लागत का अभी खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि, अदाणी समूह पहले ही घोषणा कर चुका है कि वह अपनी सामाजिक कल्याण निधि के तहत अगले 10 वर्षों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में 60 हजार करोड़ का निवेश करेगा। इस योजना के अंतर्गत देशभर में 30 अस्पताल और चिकित्सा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पहले चरण में अहमदाबाद और मुंबई की हेल्थ सिटी परियोजनाओं के लिए 6000 करोड़ से अधिक का निवेश किया जा चुका है। इसके बाद पश्चिम बंगाल में निवेश की योजना है।

नवान्न सूत्रों के अनुसार, हेल्थ सिटी के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का कार्य जारी है। न्यू टाउन के एक्शन एरिया-दो में 52 एकड़ भूमि की पहचान की गई है, लेकिन अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। पर्यावरणीय स्वीकृति और आधारभूत संरचना संबंधी अनुमोदन सहित आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही परियोजना को अंतिम मंजूरी मिलेगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर