home page

कोलकाता में भारतीय नौसेना के पहले एनजीओपीवी ‘संघमित्रा’ का हुआ जलावतरण

 | 
कोलकाता में भारतीय नौसेना के पहले एनजीओपीवी ‘संघमित्रा’ का हुआ जलावतरण


कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। भारत की समुद्री सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए गार्डेनरीच शिप बिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने भारतीय नौसेना के लिए तैयार पहले ‘नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल’ (एनजीओपीवी) ‘संघमित्रा’ को गुरुवार को औपचारिक रूप से जल में उतार दिया। यह समारोह कोलकाता स्थित जीआरएसई शिपयार्ड में पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित किया गया।

इस अवसर पर भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा विशेषज्ञ और जीआरएसई के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। युद्धपोत का शुभारंभ वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन की पत्नी सरिता वात्स्यायन ने किया।

रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ‘संघमित्रा’ का सफल लॉन्च भारत के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह युद्धपोत पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है और भविष्य में समुद्री निगरानी, तटीय सुरक्षा तथा रणनीतिक अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

एनजीओपीब एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय युद्धपोत है, जिसे लंबी दूरी तक समुद्री गश्त, तस्करी और समुद्री डकैती पर नियंत्रण, तटीय निगरानी तथा खोज एवं बचाव अभियानों के लिए डिजाइन किया गया है। इसके अलावा यह आपदा और आपातकालीन राहत कार्यों में भी प्रभावी रूप से कार्य करने में सक्षम होगा।

जीआरएसई की इस उपलब्धि ने एक बार फिर कोलकाता को देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया है। यह उपलब्धि न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा