home page

कोलकाता के कालीघाट मंदिर में अनुपम खेर ने की पूजा, की ‘स्वास्थ्य और शांति’ की कामना

 | 
कोलकाता के कालीघाट मंदिर में अनुपम खेर ने की पूजा, की ‘स्वास्थ्य और शांति’ की कामना


कोलकाता, 28 जून (हि.स.)। कोलकाता स्थित प्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में बालीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने दर्शन कर मां काली से स्वास्थ्य, सुख और शांति की कामना की। अभिनेता ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मंदिर यात्रा की तस्वीरें और अनुभव साझा किए।

अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि किसी ऐसे पवित्र स्थान पर खड़ा होना, जिसने सदियों से आस्था, आशा, आंसू और प्रार्थनाओं को देखा है, एक गहरा सुकून देने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा कि आज उन्हें पवित्र कालीघाट मंदिर में मां काली का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

अभिनेता ने आगे लिखा कि उन्होंने अपनी और सभी लोगों की ओर से शक्ति, कृतज्ञता तथा स्वास्थ्य, सुख और शांति की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की सुंदरता केवल इसकी विविधता में ही नहीं, बल्कि इसके प्राचीन मंदिरों और उनसे जुड़ी आस्था में भी निहित है, जहां पीढ़ियों से लोग श्रद्धा के साथ आते रहे हैं।

कालीघाट काली मंदिर को भारत के 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह वही स्थान है जहां देवी सती के शरीर का दाहिना अंगुल गिरा था।

गाैरतलब है कि, अनुपम खेर लगभग 26 साल बाद बंगाली सिनेमा में निर्माता के रूप में वापसी कर रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘शुरु थेके शुरू’ के साथ यह वापसी हो रही है। उन्होंने इससे पहले वर्ष 1998 में फिल्म ‘बारीवाली’ में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के साथ काम किया था।

इस प्रोजेक्ट को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाली सिनेमा में लौटना उनके लिए एक भावनात्मक और विशेष अनुभव है। उन्होंने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, संगीत और कला परंपरा की भी सराहना की और इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक अमूल्य योगदान बताया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर