home page

राज्यपाल आरएन रवि ‘भाजपा के कार्यकर्ता’, बोस को केंद्र के दबाव में हटाया : ममता बनर्जी

 | 
राज्यपाल आरएन रवि ‘भाजपा के कार्यकर्ता’, बोस को केंद्र के दबाव में हटाया : ममता बनर्जी


कोलकाता, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य के नए राज्यपाल के रूप में आने वाले आरएन रवि “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता” हैं और सीवी आनंद बोस का अचानक पद छोड़ना केंद्र सरकार के दबाव का परिणाम है।

मतदाता सूची से नाम हटाने के विरोध में चल रहे अपने धरना प्रदर्शन के दूसरे दिन समर्थकों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार विधानसभा चुनाव से पहले लोक भवन को राजनीतिक केंद्र में बदलने की कोशिश कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या आपने देखा कि आनंद बोस को कैसे हटाया गया? मुझे सब पता है। उन्हें धमकी दी गई थी। वे लोग लोक भवन से पैसा बांटना चाहते हैं और उसे भाजपा का दफ्तर बनाना चाहते हैं, लेकिन दिल्ली की हर इच्छा यहां पूरी नहीं होगी।”

ममता बनर्जी ने बिना किसी विशेष उदाहरण का उल्लेख किए आरएन रवि के तमिलनाडु में कार्यकाल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें वहां उच्च्तम न्यायालय की कई टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति अब पश्चिम बंगाल आ रहे हैं, उनके बारे में सुना है कि उन्हें उच्चतम न्यायालय से कई फटकार मिली थीं। वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। लेकिन याद रखें, पश्चिम बंगाल अलग जगह है। तमिलनाडु में जो किया, यहां वह नहीं कर पाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र किसी को भी अपना कार्यकाल पूरा करने नहीं दे रहा है। इस संदर्भ में उन्होंने पूर्व राज्यपाल और पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का भी उल्लेख किया।

ममता बनर्जी ने केंद्र की कार्यशैली की तुलना मध्यकालीन शासक मुहम्मद बिन तुगलक से करते हुए कहा कि यदि राज्य को धमकाने की कोशिश की गई तो भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार को गिराने की लड़ाई भी लड़ी जाएगी।

गौरतलब है कि, पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस के अचानक इस्तीफे के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें जानकारी दी है कि आरएन रवि पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल का पद संभालेंगे, हालांकि उन्होंने अभी तक औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर