home page

संघ देश का रक्षा कवच है : आर एन रवि

 | 
संघ देश का रक्षा कवच है : आर एन रवि


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि का मानना है कि राष्ट्रीय सवयंसेवक संघ देश का रक्षा कवच है। संघ है तो भारत सुरक्षित है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 'तिथि दर्पण' नामक पुस्तक के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि हम शताब्दी वर्ष में भी देख रहे हैं कि संघ अपने कार्यों की प्रदर्शनी लगाने की बजाय उसके स्वयंसेवक निरंतर संपर्क से अपना काम बढ़ाने में लगे हैं। संघ संस्थापक से लेकर हजारों हज़ार प्रचारकों और कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, समर्पण, कर्मठता और बलिदान से ही यह संगठन बना हुआ है और देश को बनाने का काम कर रहा है।

चाणक्यपुरी स्थित सिविल सर्विसेज आफिसर्स इंस्टीट्यूट के सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने देश में हो रही चौतरफा प्रगति और भारत की बढ़ती शान के बीच एक वर्ग द्वारा अराजकता फैलाने की भी आलोचना की। साथ ही कहा कि ऐसी शक्तियां सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि भारत के आध्यात्मिक अधिष्ठान पर जब भी आघात होता है तब भारत के भीतर से ही एक ऊर्जा एक चेतना पैदा होती है।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए रा. स्व. संघ के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी ने वीर सावरकर ने इतिहास के छह स्वर्णिम अध्याय लिखे थे। शिवाजी के राज्यारोहण के बाद से भारत के स्वर्णिम इतिहास का सातवां अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि तमाम आक्रमणों और आघातों के बाद भी यदि भारत और उसकी संस्कृति लहलहा रही है तो उसका कारण है कि भारत मृत्युंजय है। कोई भी ताकत भारत को समाप्त नहीं कर सकती। भारत को विश्व कल्याण की भूमिका निभानी है। उस अनुरूप भारत को सबल, समर्थ बनाने के लिए सद्गुणों से युक्त स्वयंसेवकों के माध्यम से समाज को संगठित करना ही संघ का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भारत माता की जय हमारे लिए एक नारा या उद्घोष मात्र नहीं है। यह देश से हमारे भावनात्मक जुड़ाव का प्रकटीकरण है।

रा. स्व. संघ के अ.भा. सम्पर्क प्रमुख रामलाल ने इस अवसर पर कहा कि रा.स्व.संघ की स्थापना केवल किसी संगठन को बनाने या अब उस संगठन को चलाने की यात्रा नहीं है। इस पुस्तक में संघ की सौ साल की यात्रा के महत्वपूर्ण तिथियों को संजोने का काम किया है। संघ समाज को जोड़ने और उसके माध्यम से भारत को समर्थ और शक्तिशाली बनाने के उद्देशय के साथ आगे बढ़ता रहा है। उन्होंने कहा का किसी अन्य देश के बड़ा या शक्तिशाली बनने का अर्थ होता है कि वह दूसरे के लिए चुनौती बनेगा या उसको अपने आधीन कर लेगा। पर भारत का शक्तिशाली होना वैश्विक शांति का मार्ग प्रशस्त करेगा। हम वैसुधैव कुटुम्बकम और सर्वे भवन्तु सुखिनः जैसी उदार विचारधारा को लेकर चलने वाले हैं।

हाल ही में हुए जेन जी प्रदर्शनों का नाम लिए बिना संघ के सम्पर्क प्रमुख ने कहा कि इस शताब्दी वर्ष में ही हमने 30 लाख युवाओं से सम्पर्क स्थापित किया है।हम जमीन पर रहकर, समाज के बीच रहकर उनके बीच ही कार्य करते हैं, हम जानते हैं कि इस देश का युवा अपने देश समाज और उसकी पराम्पराओं के साथ खड़ा है उन्होंने संघ विरोधियों द्वारा संगठन के बारे में किए जाने वाले दुष्प्रचार का करारा जवाब देते हुए कहा कि कुछ आंदोलनों में जब कुछ अलग तरह का दृश्य दिखता है तो हम उसकी चिंता तो करते हैं पर चिंतित नहीं होते।

समारोह को विश्व हिन्दू परिषद् के संरक्षक दिनेश चन्द्र ने भी संबोधित किया। पुस्तक का लेखन व संकलन वरिष्ठ संघ प्रचारक विजय कुमार ने किया है। इसका प्रकाशन चाणक्य वार्ता के प्रकाशन विभाग ने किया है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी