home page

तृणमूल के तीन पूर्व राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल

 | 
तृणमूल के तीन पूर्व राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल


कोलकाता, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के तीन पूर्व राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। सॉल्टलेक स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की उपस्थिति में तीनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

तीनों नेता पूर्व में तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के सदस्य रहे थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा चल रही थी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और पश्चिम बंगाल के विकास में विश्वास व्यक्त करते हुए तीनों नेताओं ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि अब सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक की पहचान केवल भाजपा कार्यकर्ता के रूप में होगी।

शमिक भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने जनता के साथ लूट और भ्रष्टाचार किया है, उनके लिए भाजपा के द्वार बंद हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस में हाल के दिनों में सामने आए आंतरिक मतभेदों के बीच इन नेताओं का भाजपा में शामिल होना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता