विस चुनाव-2026: निर्वाचन आयोग ने 13 पुलिस अधिकारियों का किया तबादला, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
कोलकाता, 17 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। आयोग ने यह कदम निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है।
निर्वाचन आयोग द्वारा 17 मार्च को जारी आदेश में कहा गया है कि चुनाव तैयारियों की समीक्षा के बाद इन अधिकारियों को नए पदों पर तत्काल प्रभाव से तैनात करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राज्य सरकार को 18 मार्च सुबह 11 बजे तक सभी अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
तबादला किए गए अधिकारियों में पुष्पा को बारासात पुलिस जिला का पुलिस अधीक्षक, जसप्रीत सिंह को कूचबिहार, सूर्य प्रताप यादव को बीरभूम, राकेश सिंह को इस्लामपुर पुलिस जिला, कुमार सनी राज को हुगली ग्रामीण और इशानी पाल को डायमंड हार्बर पुलिस जिला का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा सचिन के को मुर्शिदाबाद पुलिस जिला, अलकनंदा भौवाल को बसीरहाट पुलिस जिला, अनुपम सिंह को मालदा, अंगशुमान साहा को पूर्व मेदिनीपुर, येलवाड श्रीकांत जगन्नाथराव को कोलकाता के सेंट्रल डिवीजन का उपायुक्त, सुरिंदर सिंह को जंगीपुर तथा पापिया सुल्ताना को पश्चिम मेदिनीपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए इस बार दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। चुनाव से पहले प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर यह बदलाव आयोग की सख्ती और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

