पूर्व तृणमूल विधायक सब्यसाची दत्त पर ईडी का शिकंजा, कोलकाता समेत 11 ठिकानों पर छापेमारी
कोलकाता, 31 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के गिरफ्तार नेता और पूर्व विधायक तथा पूर्व मेयर सब्यसाची दत्त की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। राज्य पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उनके खिलाफ जांच तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह ईडी ने कोलकाता के पार्क स्ट्रीट, खिदिरपुर और शहर के अन्य इलाकों समेत कुल 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई सब्यसाची दत्त और उनके करीबी लोगों से जुड़े परिसरों पर की जा रही है। एजेंसी वित्तीय लेनदेन और अवैध संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि, 8 जून को विधाननगर उत्तर थाना पुलिस ने सब्यसाची दत्त को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान राजारहाट स्थित उनके फ्लैट और बैंक लॉकर से करीब साढ़े तीन किलोग्राम सोना बरामद किया गया था।
पुलिस का दावा है कि जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि जबरन वसूली से प्राप्त धन से सोना खरीदा गया था। इससे पहले पुलिस ने सब्यसाची दत्त और उनकी पत्नी इंद्राणी दत्त के पांच बैंक खातों को फ्रीज कर दिया था। पुलिस के अनुसार, इन खातों, सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) और नकदी समेत कुल लगभग 3.70 करोड़ की राशि जब्त की गई है।
जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगा रही हैं कि पूर्व विधाननगर मेयर के पास इतनी बड़ी संपत्ति और धन का स्रोत क्या था। इसी क्रम में ईडी ने भी दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।
इस मामले में जून महीने के दौरान सब्यसाची दत्त की करीबी बताई जाने वाली तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के नदिया जिले के करीमपुर स्थित घर से भी पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया था। वहीं, सॉल्टलेक के एई ब्लॉक के एक मकान के बुजुर्ग मालिक ने आरोप लगाया था कि सब्यसाची दत्त ने उनसे 46 लाख की वसूली की थी।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने फिलहाल पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर दस्तावेज एकत्र किए हैं। हालांकि धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के मामले में ईडी की ओर से अलग से प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) अभी दर्ज नहीं की गई है। जांच जारी है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

