शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
काेलकाता, 09 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि विकास और सुशासन की दिशा में जनता का स्पष्ट संदेश है।
कोलकाता पहुंचकर उन्होंने शुभेंदु अधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात की और नवगठित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को भी शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने लंबे समय से बदलाव की जो उम्मीद की थी, अब उसे नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और “डबल इंजन सरकार” की ताकत से राज्य विकास के नए आयाम छुएगा।
उन्होंने आगे कहा कि नई सरकार के तहत युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, किसानों को समृद्धि का नया रास्ता मिलेगा और महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित व सशक्त वातावरण तैयार होगा।
साय के मुताबिक, जनता ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट समर्थन दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ आगे बढ़ेगा तथा “सोनार बांग्ला” का सपना साकार होगा।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

