उत्तर बंगाल में एम्स और दो कैंसर अस्पतालों की योजना, केंद्र को भेंजेंगे प्रस्ताव : शुभेंदु
कोलकाता, 30 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उत्तर बंगाल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बनाने का किया गया वादा जल्द हकीकत में बदलेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में एक प्रशासनिक बैठक के उपरांत इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्हाेंने बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने रायगंज के दिकनगर में राज्य का दूसरा एम्स स्थापित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर बंगाल के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी में पूर्ण स्तरीय कैंसर अस्पताल बनाने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री गुरुवार को रायगंज में प्रशासनिक बैठक करने के बाद कर्णजोड़ा इलाके के तीस्ता मैदान में आयोजित एक जन-परिसेवा (लोक सेवा) वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसी मंच से उन्होंने उत्तर बंगाल के समग्र विकास की रूपरेखा पेश करते हुए क्षेत्र के लिए 30 नई विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। एम्स के निर्माण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने दिकनगर में इस प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान के निर्माण का प्रस्ताव भेजने का खाका तैयार कर लिया है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, केंद्र सरकार के पास यह प्रस्ताव भेजा जाएगा और सभी जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, मैं स्वयं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ दिकनगर में एम्स के भूमि पूजन समारोह में शामिल होने आऊंगा।
स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी के लिए भी बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी को किसी भी सूरत में निराश नहीं किया जाएगा, वहां और जलपाईगुड़ी में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पूर्ण स्तरीय कैंसर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा ताकि उत्तर बंगाल के मरीजों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। राज्य के प्रशासनिक प्रमुख ने उत्तर बंगाल के संपूर्ण स्वास्थ्य ढांचे को नए सिरे से सजाने और संवारने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
गौरतलब है कि, इसी साल अप्रैल में चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर बंगाल के दौरे पर एम्स बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं के कायाकल्प का स्पष्ट वादा किया था। चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अपने धन्यवाद दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि साल 2009 से पहाड़ सहित पूरे उत्तर बंगाल ने भाजपा को अपना भरपूर समर्थन दिया है, और अब विकास कार्यों के जरिए इस 'कर्ज' को चुकाने का समय आ गया है। रायगंज की धरती से एम्स के निर्माण और कैंसर अस्पताल की यह ताजा घोषणा उसी चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में उठाया गया पहला सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

