ममता बनर्जी घुसपैठियों को बचाने के लिए दे रही हैं धरना : गिरिराज सिंह
कोलकाता, 06 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह शहर के बीचोंबीच धरना देकर अल्पसंख्यक समुदाय के घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं।
एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। उन्होंने राज्य के कुछ अधिकारियों और तृणमूल समर्थित तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने तौर-तरीके सुधार लें, अन्यथा उन्हें इसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी केवल उन घुसपैठियों को बचाने में लगी हैं जो उनके वोट बैंक का बड़ा हिस्सा हैं। उन्हाेंने कहा कि एस्प्लानेड इलाके में घुसपैठियों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री का धरने पर बैठना शर्मनाक है और पिछले चुनाव में भी ऐसे लोगों की मदद से उन्हें फायदा मिला था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य को दिए गए लगभग 15 लाख करोड़ के अनुदान का बड़ा हिस्सा तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हड़प लिया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कई नेताओं ने साइकिल से लग्जरी चारपहिया वाहनों तक का सफर तय कर लिया और भव्य मकान बना लिए।
गिरिराज सिंह ने दावा किया कि पहले जहां राज्य की औद्योगिक वृद्धि लगभग 25 प्रतिशत थी, वह घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 15 वर्षों में पैदा हुए बच्चों के सिर पर लगभग 80 हजार करोड़ का बोझ आ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और अब तृणमूल कांग्रेस के शासन में गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला है। कहा कि तृणमूल कांग्रेस की दबंगई अब नहीं चलेगी और भारतीय जनता पार्टी इसका मुकाबला करेगी।
बाद में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ से भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क अभियान के तहत राज्य के विभिन्न हिस्सों में निकाली जा रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

