home page

भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में बंकिमचंद्र के परिजन सुमित्र चट्टोपाध्याय भाजपा में शामिल

 | 
भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में बंकिमचंद्र के परिजन सुमित्र चट्टोपाध्याय भाजपा में शामिल


कोलकाता, 26 फरवरी (हि.स.)। सॉल्टलेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में गुरुवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया।

इस अवसर पर महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के परिवार के सदस्य एवं श्रम विभाग के पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी सुमित्र चट्टोपाध्याय ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य तथा केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में औपचारिक रूप से पार्टी में स्वागत किया गया।

पार्टी में शामिल होने के बाद सुमित्र चट्टोपाध्याय ने राज्य सरकार की रोजगार नीति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार विनिमय से जुड़े लाखों युवाओं का डाटा एक प्रशासनिक आदेश के माध्यम से हटा दिया गया और उसके स्थान पर ‘एम्प्लॉयमेंट बैंक’ का गठन किया गया, जिसमें लगभग 40 लाख युवक पंजीकृत थे। बाद में ‘युवश्री’ योजना शुरू की गई, जिसे बंद कर दिया गया। वर्तमान में ‘युवा साथी’ योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को प्रतिदिन मात्र 50 रुपये की सहायता दी जा रही है, जो वास्तविक रोजगार की आवश्यकता को पूरा करने में असमर्थ है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम्’ ने देश में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया है। उन्होंने सुमित्र चट्टोपाध्याय का स्वागत करते हुए कहा कि बंकिमचंद्र के आदर्श और राष्ट्रवादी विचार पश्चिम बंगाल को “उन्नत बंगाल” के निर्माण की दिशा में प्रेरित करेंगे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज के सम्मानित और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित व्यक्तियों का भाजपा में शामिल होना राज्य में सकारात्मक राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन को और मजबूती देगा। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर