home page

(अपडेट) पश्चिम बंगाल के हावड़ा में सांसद रवि किशन के चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल व भाजपा में झड़प

 | 
(अपडेट) पश्चिम बंगाल के हावड़ा में सांसद रवि किशन के चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल व भाजपा में झड़प


(अपडेट) पश्चिम बंगाल के हावड़ा में सांसद रवि किशन के चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल व भाजपा में झड़प


हावड़ा, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच उत्तर हावड़ा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में रविवार दोपहर अभिनेता व सांसद रवि किशन के प्रचार के दौरान तृणमूल कानर्यकर्ताओं ने 'जय बांग्ला' के नारे लगाए। इससे भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी के बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों में झड़प और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं हैं।

सूत्रों के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रचार के अंतिम रविवार को उत्तर हावड़ा में भाजपा की ओर से एक रोड शो आयोजित किया गया था। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद थे। रैली जैसे ही लिलुआ के बी रोड इलाके से गुजरी, तनाव बढ़ गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय के पास इकट्ठा होकर “जय बांग्ला” के नारे लगाए, जिसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई।

भाजपा का आरोप है कि उनकी रैली को रोकने की कोशिश की गई और तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनके झंडे हटाकर वहां अपने झंडे लगा दिए। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा की रैली के दौरान उनके पार्टी कार्यालय पर हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।

भाजपा उम्मीदवार उमेश राय ने आरोप लगाया कि रैली के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने झंडे फाड़े और “जय बांग्ला” के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि यह तृणमूल की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है।

वहीं तृणमूल उम्मीदवार गौतम चौधरी ने भाजपा पर बाहरी लोगों को लाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता केवल पार्टी झंडे लगा रहे थे, तभी भाजपा समर्थकों ने हमला किया और “जय श्रीराम” के नारे लगाए।

दोनों ही पार्टियों ने इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय