पश्चिम बंगाल के हावड़ा में सांसद रवि किशन के चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल व भाजपा में झड़प
हावड़ा, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच उत्तर हावड़ा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में रविवार दोपहर अभिनेता व सांसद रवि किशन के प्रचार के दौरान तृणमूल कानर्यकर्ताओं ने 'जय बांग्ला' के नारे लगाए। इससे भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा सांसद रवि किशन उत्तर हावड़ा से उम्मीदवार उमेश राय के समर्थन में बामनगाछी इलाके में रोड शो कर रहे थे। उसी समय अरविंद स्कूल के पास तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालय के सामने खड़े तृणमूल समर्थकों ने भाजपा के जुलूस के खिलाफ 'जय बांग्ला' के नारे लगाने शुरू कर दिए। दूसरी तरफ से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और चोर-चोर के नारे लगाए। जिसको लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और देखते ही देखते मारपीट हो गई।
भाजपा ने आरोप लगाया कि तृणमूल के लोगों ने उन पर लाठी और बांस से हमला किया। हालांकि, तृणमूल ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिना वजह के जुलूस में शामिल तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लाठी और रॉड से हमला किया। इस झड़प से इलाके में ज़्यादा तनाव का माहौल बन गया। सूचना पाकर सेंट्रल फोर्स और पुलिस मौके पर पहुंची और और मामले को नियंत्रित किया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

