इस बार बंगाल के कुछ जिलों में तृणमूल कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा : प्रधानमंत्री
कोलकाता, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार कुछ जिलों में तृणमूल कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। पहले चरण के मतदान रुझान से जनता के बदलाव का स्पष्ट संकेत मिला है। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह दावा किया।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ जिलों में तृणमूल कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान हुआ है और अब 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण में यह रिकॉर्ड भी टूटना चाहिए। जनता तृणमूल कांग्रेस की हार सुनिश्चित करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने जादवपुर विश्वविद्यालय के माहौल को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परिसर के भीतर धमकियां दी जा रही हैं, दीवारों पर राष्ट्रविरोधी नारे लिखे जा रहे हैं और विद्यार्थियों को जुलूसों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण सही नहीं है और उसे बचाने की जरूरत है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य सरकार प्रदेश के सबसे बड़े शिक्षा केंद्र को सुरक्षित नहीं रख सकती, तो पूरे राज्य को कैसे संभालेगी।
प्रधानमंत्री के इस बयान पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि क्या मेधावी विद्यार्थियों के बारे में इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित है। उन्होंने याद दिलाया कि जादवपुर विश्वविद्यालय को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय संस्थान रैंकिंग प्रणाली में लगातार उच्च स्थान मिलता रहा है।
ममता बनर्जी ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपनी योग्यता के बल पर वहां पहुंचते हैं और ज्ञान, विचार तथा सवाल करने की क्षमता के साथ बाहर निकलते हैं। यह अराजकता नहीं, बल्कि शिक्षा और उत्कृष्टता है।
बारुईपुर की सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल सरकार पर सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों की अनदेखी का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के लिए कई कल्याणकारी और विकास योजनाएं शुरू कीं, लेकिन तृणमूल सरकार ने उनके क्रियान्वयन में बाधा डाली।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार हमेशा सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के हितों के खिलाफ काम करती रही है।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

