home page

बंगाल चुनाव 2026 : ओवैसी का ऐलान- मुख्यमंत्री पद के लिए लड़ेंगे, उपमुख्यमंत्री के लिए नहीं

 | 
बंगाल चुनाव 2026 : ओवैसी का ऐलान- मुख्यमंत्री पद के लिए लड़ेंगे, उपमुख्यमंत्री के लिए नहीं


कोलकाता, 25 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने बुधवार को कोलकाता में संयुक्त पत्रकार वार्ता कर अपने राजनीतिक गठबंधन की रणनीति स्पष्ट की। इस दौरान 20 जनसभाएं करने का भी ऐलान किया गया।

पत्रकार वार्ता में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वह हुमायूं कबीर की उस बात से सहमत नहीं हैं जिसमें उपमुख्यमंत्री पद की चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि हम उपमुख्यमंत्री पद के लिए नहीं बल्कि मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। उपमुख्यमंत्री का पद हाथ की छठी उंगली जैसा होता है।

ओवैसी ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा एआईएमआईएम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “बी टीम” बताए जाने के आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हम किसी की बी टीम नहीं बल्कि अपनी टीम हैं।” इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भी आलोचना की और कई राजनीतिक मुद्दों पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि जनता ने ममता बनर्जी को सत्ता दी है और उन्हें अहंकार नहीं करना चाहिए। ओवैसी ने यह भी कहा कि डर दिखाकर राजनीति नहीं की जानी चाहिए और लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है।

इस मौके पर ओवैसी ने बताया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल चुनाव में एक या दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी को पूरा समर्थन देगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में दोनों दलों के नेता संयुक्त रैलियां करेंगे।

एक सवाल के जवाब में ओवैसी ने धार्मिक स्थलों के महत्व पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जैसे मंदिर हिंदुओं के लिए, चर्च ईसाइयों के लिए और गुरुद्वारा सिख समुदाय के लिए पवित्र होते हैं, वैसे ही मस्जिदें मुस्लिम समुदाय के लिए पवित्र होती हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का सम्मान सभी को करना चाहिए। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर