बरहमपुर में रोड शो के दाैरान बीमार पड़े मिथुन चक्रवर्ती
मुर्शिदाबाद, 16 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल पूरी ताकत प्रचार-प्रसार में लगे हुए है। इसी क्रम में जिले के बरहमपुर में गुरुवार को रोड शो के दौरान बालिवुड अभिनेता और वरिष्ठ भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती बीमार पड़ गए। वे बरहमपुर से भाजपा प्रत्याशी सुब्रत मित्रा के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। बरहमपुर में भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि हमारे पक्ष में जनसैलाब है। हमारे उम्मीदवार की जीत होगी।
सूत्रों के अनुसार, दिन का रोड शो बरहमपुर के गांधी कॉलोनी से शुरू हुआ जाे पुराने कांदी बस स्टैंड से खगरा चौराहे तक जाना था। इसी दाैरान अभिनेता की तबीयत अचानक खराब हो गई और उन्होंने नतुन बाजार जॉय कालीबाड़ी के पास रोड शो खत्म कर दिया। भाजपा सूत्रों के अनुसार, अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती नतुन बाजार पहुंचने के बाद ही बीमार पड़ गए। अनुमान है कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण वह बीमार पड़े।
हालांकि, अभिनेता मिथुन के बिना ही भाजपा उम्मीदवार सुब्रत मित्रा, जिलाध्यक्ष मलय महाजन और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने खगड़ा चौराहे तक जाकर रोड शो खत्म कर दिया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मलय महाजन ने कहा कि लोगों के इस जन आंदोलन में लोग इस बार जमीनी स्तर पर साबित हो चुकी भाजपा को उखाड़ फेंकना चाहते हैं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

