home page

बंगाल में अमित शाह ने रखी श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की आधारशिला, कहा-'सोनार बांग्ला' बनाना भाजपा सरकार का संकल्प

 | 
बंगाल में अमित शाह ने रखी श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की आधारशिला, कहा-'सोनार बांग्ला' बनाना भाजपा सरकार का संकल्प


कोलकाता, 06 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में स्थित बागनान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के भूमि पूजन एवं आधारशिला कार्यक्रम में कहा कि यह केवल एक प्रतिमा निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि सोनार बांग्ला के निर्माण के संकल्प की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि रवींद्रनाथ ठाकुर, रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, श्री अरविंद, खुदीराम बोस और राजा राममोहन राय ने जिस बंगाल का सपना देखा था, उसके पुनर्निर्माण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

अमित शाह ने कहा कि लंबे समय बाद पश्चिम बंगाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती को सरकारी सम्मान के साथ मनाया गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके गृह राज्य में डॉ. मुखर्जी की स्मृति में एक भव्य स्मारक का निर्माण किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और राष्ट्रवाद के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्रतिमा के समीप राष्ट्रीय सुरक्षा पर अनुसंधान के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्थान की स्थापना की भी योजना है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का जो बीज बोया था, वह आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रूप में एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित पर आधारित नीतियों के साथ उसी विचारधारा का अनुसरण कर रहा है।

अमित शाह ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने बहुत कम समय में जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी राज्य सरकार ने इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में अपने वादों को पूरा करने का उदाहरण प्रस्तुत नहीं किया है। उनके अनुसार, राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित सरकार सत्ता में आती है और संगठन के सिद्धांतों के आधार पर परिवारवाद तथा स्वार्थ की राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करती है, तब परिवर्तन निश्चित होता है। उनके अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने देश के अनेक राज्यों में इस परिवर्तन को साकार करके दिखाया है।

शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण के लिए भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह राज्य के लोगों के लिए आशा का संदेश होने के साथ-साथ पूरे देश के लिए भी सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धार्मिक, बौद्धिक, साहित्यिक और राष्ट्रवादी चेतना की समृद्ध परंपरा वाला पश्चिम बंगाल आने वाले वर्षों में और अधिक सशक्त होकर देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर