home page

उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने वेंकैया नायडू को दी जन्मदिन की बधाई पर

 | 
उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने वेंकैया नायडू को दी जन्मदिन की बधाई पर


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई प्रमुख नेताओं ने पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान की सराहना की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने वेंकैया नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रतिष्ठित एवं दूरदर्शी राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र-निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, संसदीय परंपराओं के प्रति सम्मान और वंचितों के कल्याण के लिए उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि वेंकैया नायडू ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में देश के विकास और गरीबों की सेवा के प्रति समर्पण से एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कृषि और ग्रामीण विकास के प्रति उनके विशेष योगदान की भी सराहना की और उनके साथ लंबे समय तक काम करने के अनुभव को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व उपराष्ट्रपति नायडू को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता और सुदीर्घ जीवन की कामना की।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि जन-राजनीति से लेकर उपराष्ट्रपति पद तक वेंकैया नायडू ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को उठाने में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि युवा नेताओं को उनके सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वेंकैया नायडू को जन्मदिन की बधाई देते हुए भगवान तिरुपति बालाजी से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में वेंकैया नायडू की सादगी, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट निष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से उनके स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन की कामना की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी