home page

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष समेत शीर्ष नेताओं ने चिकित्सकों को दी बधाई

 | 
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष समेत शीर्ष नेताओं ने चिकित्सकों को दी बधाई


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों समेत देश के शीर्ष नेताओं ने चिकित्सकों को बधाई दी। इस अवसर पर सभी ने डॉक्टरों और चिकित्सकों के कार्यों की सराहना की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन सभी समर्पित डॉक्टरों को बधाई देता हूं जो दया, कुशलता और अटूट प्रतिबद्धता के साथ मानवता की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। कोविड-19 महामारी के दौरान दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान, आयुष्मान भारत जैसी पहलों के माध्यम से किफायती स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, देश भर में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और डिजिटल स्वास्थ्य सेवा को तेजी से अपनाना ये सभी बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में हमारी सामूहिक यात्रा में मील के पत्थर हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि संकट के समय में लोगों की जान बचाने से लेकर इनोवेशन और रिसर्च के माध्यम से मेडिकल साइंस को आगे बढ़ाने तक, हमारे डॉक्टरों की अथक सेवा जो अक्सर बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की जाती है कर्तव्य, त्याग और करुणा के उच्चतम आदर्शों को दर्शाती है। उन्होंने राष्ट्र-निर्माण में मेडिकल जगत के अमूल्य योगदान के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए लोगों का इलाज करने और उनकी जान बचाने के उनके नेक मिशन में उन्हें निरंतर शक्ति और सफलता की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका सदैव केंद्रीय और प्रेरणादायी रही है। आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर देशभर के सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं तथा उनके समर्पण, सेवा और मानवता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का अभिनंदन।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सभी डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अच्छी सेहत को बढ़ावा देने, इलाज करने और बेहतर जीवन-शैली के बारे में जागरूकता फैलाने के प्रति चिकित्सकों का समर्पण और प्रतिबद्धता एक मज़बूत और स्वस्थ समाज की नींव रखती है। यह दिन समाज की सेवा करने के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को और मज़बूत करे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सभी डॉक्टरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर अटूट समर्पण, करुणा और साहस के साथ मानवता की सेवा करते हैं। वे सबसे ज़्यादा ज़रूरत के समय में परिवारों को उम्मीद और समाज को मजबूती देते हैं। उनकी निस्वार्थ सेवा और अमूल्य योगदान सभी के लिए प्रेरणा हैं।

केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने चिकित्सक दिवस पर भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन चिकित्सा के क्षेत्र में करुणा, सेवा और उत्कृष्टता का प्रतीक था। स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा और राष्ट्र-निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। साथ ही जीवन की रक्षा के प्रति अटूट समर्पण के लिए सभी डॉक्टरों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिकित्सको को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में आप सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अभिनंदनीय है। सभी चिकित्सा सेवा के इस ईश्वरीय कार्य को सदैव अटूट सेवा भावना व समर्पण के साथ करते रहें, यही कामना है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बचाई गई हर ज़िंदगी पर डॉक्टर की दयालुता, हुनर और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा की छाप होती है। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों और पूरे स्वास्थ सेवा समुदाय जिसमें नर्स, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कर्मचारी और हर फ्रंटलाइन हेल्थ प्रोफेशनल शामिल हैं के प्रति दिल से आभार व्यक्त की। इनकी निस्वार्थ सेवा ही देश को स्वस्थ और मज़बूत बनाए रखती है। साथ ही भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक जाने-माने डॉक्टर, स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद और दूरदर्शी राजनेता थे, जिनकी शानदार विरासत आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेवा को अपने जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य मानकर मानवता की रक्षा हेतु समर्पित समस्त चिकित्सक बंधुओं को 'राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' की बधाई व शुभकामनाएं। चिकित्सक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला हैं। लोगों की सेवा में पूर्ण समर्पण, संवेदना तथा ऊर्जा के साथ कार्य करे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि चिकित्सकों का समर्पण, सेवा और संवेदनशीलता असंख्य परिवारों के लिए आशा, विश्वास और नवजीवन का आधार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी