उपराष्ट्रपति 25-26 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर
नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 25-26 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के अपने पहले आधिकारिक दौरे पर जाएंगे।
उपराष्ट्रपति भवन ने मंगलवार को बताया कि इस दौरान वह 26 फरवरी को कश्मीर विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित कन्वोकेशन कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाला यह समारोह संस्थान और उसके विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि माना जा रहा है। उपराष्ट्रपति पद ग्रहण करने के बाद कश्मीर घाटी की उनकी यह पहली आधिकारिक यात्रा होगी, जिससे समारोह का महत्व और बढ़ गया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल तथा कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मनोज सिन्हा समारोह की अध्यक्षता करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री एवं विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर उमर अब्दुल्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय के अनुसार 21वें दीक्षांत समारोह में कुल 59,558 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 44,910 स्नातक, 13,545 स्नातकोत्तर, 461 एमडी/एमएस, 4 एमसीएच, 18 एम.फिल तथा 620 पीएच.डी. उपाधियां शामिल हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

