home page

विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक सम्पन्न, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

 | 
विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक सम्पन्न, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर


विशाखापत्तनम, 22 अगस्त (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में शनिवार को ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक संपन्न हुई। इसमें सदस्य देशों ने युवाओं से जुड़े सहयोग को गहरा करने और विकास प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी का विस्तार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए एक संयुक्त बयान अपनाया। संयुक्त बयान में शिक्षा और कौशल, युवा उद्यमिता, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक और सांस्कृतिक भागीदारी, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य और खेल, पर्यावरणीय स्थिरता, अंतर-धार्मिक संवाद और युवा समावेशन सहित कई विषय शामिल थे।

खेल मंत्रालय और भारत सरकार द्वारा आयोजित ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने की, जिसमें खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे और युवा मामलों के विभाग के सचिव सुनील पालीवाल भी शामिल हुए। यह बैठक ब्रिक्स यूथ समिट और ब्रिक्स यूथ काउंसिल की बैठकों से मिले सुझावों और निष्कर्षों पर आधारित थी।

मनसुख मंडाविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विज़न का उल्लेख किया, जिसके तहत भारत की आजादी के 100 साल पूरे होने तक बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले 1,00,000 युवाओं को नेता के रूप में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने आगे कहा, इसलिए, हमने इसी भावना के साथ कई पहल शुरू की हैं। हमने स्वयंसेवा (वॉलंटियरिंग), सीखने, नेतृत्व और नागरिक भागीदारी के लिए एक ही स्थान पर समाधान प्रदान करने वाले मंच के रूप में 'माय भारत' (MY Bharat) की स्थापना की है। आज, 2.5 करोड़ से अधिक युवाओं ने इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कराया है और वे सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

इन कार्यक्रमों में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के युवा प्रतिनिधियों, युवा नेताओं, नीति निर्माताओं और वरिष्ठ अधिकारियों ने एक साथ भाग लिया। इसने युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और सहयोगात्मक कार्रवाई के लिए मंच प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj